कांठ। छजलैट थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग हादसों में रामपुर निवासी बाइक चालक और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुक्रवार की रात रामपुर के मोहल्ला बेलदारान निवासी करन बाइक से हरिद्वार से रामपुर अपने घर जा रहा था। जब यह मुरादाबाद-हरिद्वार रोड पर छजलैट के गांव लदावली से आगे पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने इसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। उसे इलाज के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, सूचना पर परिजन भी आ गए। शनिवार को घायल करन के भाई दिवाकर ने कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी, जिसपर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वहीं दूसरी ओर शनिवार की सुबह छजलैट निवासी भाजपा नेता वीर सिंह सैनी 15 वर्षीय बेटे कृष्णवीर के साथ अपनी कार से मुरादाबाद जा रहे थे। जब वह मुरादाबाद मार्ग पर छजलैट के सिराजनगर के पास पहुंचे तो अचानक सामने आए ट्रक से बचाने में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से टकरा गई। जिससे कार में बैठा भाजपा नेता का बेटा कृष्णवीर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। टकराने से कर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।