मुरादाबाद। हरिद्वार के मंगलौर में मिला शव मुरादाबाद की अदीला का था या हरिद्वार की शहनुमा। इससे अब तक पर्दा नहीं उठ पाया है लेकिन दोनों ही जिलों की पुलिस ने केवल फोटो के आधार पर खुलासा कर दिए। कटघर थाने की पुलिस अब कोर्ट से डीएनए टेस्ट कराने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगेगी।
कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी अदिवउर रहमान की पत्नी आबगिना शम्सी ने 17 जुलाई को कटघर के देवापुर निवासी गुलफाम अली और उसके भाई कुरबान अली के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया कि उसकी बेटी 29 जून को प्रयागराज से फ्लाइट में सवार होकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची थी। इसके बाद से वह गायब है। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपी गुलफाम अली एक जुलाई को रामपुर में जानलेवा हमले के मामले में सरेंडर कर जेल चला गया है। पुलिस ने आरोपी से जेल में जाकर पूछताछ की तब पता चला कि आरोपी गुलफाम ने 29 जून की रात ही अदीला की हत्या करने के बाद उसकी लाश रुड़की में नदी में फेंक दी थी। कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद सोमवार की सुबह दस बजे 24 घंटे की कस्टडी रिमांड लेकर पुलिस गुलफाम को रुड़की पहुंची। इसके बाद मंगलौर थाने पहुंची तब पता हरिद्वार के बादराबाद क्षेत्र निवासी शहनुमा की हत्या उसके प्रेमी नावेद ने कर दी है। उसने ही यहां लाश फेंकी थी। मंगलौर थाने की पुलिस चार जुलाई को शव का अंतिम संस्कार कर चुकी है। पहले कटघर और अब हरिद्वार पुलिस ने फोटो के आधार पर ही खुलासा का दिया है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि कोर्ट से अनुमति लेकर डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।