कुंदरकी। दो नाबालिग बहनों के घर से अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। चार दिन बाद पता नहीं लगने पर परिजन चिंता में डूबे हैं। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती नौ जून को वह अपनी गाड़ी लेकर मुरादाबाद गया हुआ था जबकि घर पर उनकी पत्नी और 14 व 12 वर्षीय दो बेटियां मौजूद थीं। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उनकी पत्नी स्नान के लिए गई थीं। कुछ देर बाद वापस लौटीं तो दोनों बेटियां घर पर नहीं थीं। पत्नी ने पहले आसपास और परिचितों के यहां तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने फोन कर पति को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पति भी घर पहुंचे और रिश्तेदारों समेत अन्य स्थानों पर काफी खोजबीन की लेकिन दोनों बेटियों का कोई पता नहीं चल सका है जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।