मुरादाबाद। टीएमयू अस्पताल में भर्ती दो कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। कोरोना पॉजिटिव आने मुरादाबाद निवासी बुजुर्ग को पांच दिन पहले और संभल निवासी महिला को 13 अक्तूबर को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 165 हो गई है। वहीं तीन दिन की सुस्त रफ्तार के बाद कोरोना ने शनिवार को पचासा लगा दिया। सरकारी लैब की आई रिपोर्ट में 55 और एंटीजन टेस्ट में दो नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों की संख्या 10285 हो गई है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के मोहल्ला नवीन नगर निवासी 63 वर्षीय बुजुर्ग का कोरोना टेस्ट कराया गया था। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बीस अक्तूबर को परिजनों ने उन्हें टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शनिवार तड़के बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा संभल निवासी महिला ने भी शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, शनिवार को सरकारी लैब से आई सैंपलों की रिपोर्ट में 55 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इन संक्रमितों में दस साल से कम उम्र के चार बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा जिले में 1560 लोगों का एंटीजन किट से टेस्ट कराया गया। इसमें दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या अब 10285 पहुंच गई है। जबकि 9490 संक्रमित स्वस्थ भी हो चुके हैं।