ठाकुरद्वारा। गांव करनावाला खालसा में बृहस्पतिवार को मकान की नींव रखने के विवाद में दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों गुटों में जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। जिसमें दोनों गुट के 11 लोग घायल हो गए।
गांव निवासी एक गुट के याकूब ने बताया कि वह सुबह करीब 8:30 अपने मकान की नींव रखकर उसकी चुने कर रहा था तभी गांव के कुछ लोगों ने आकर उस पर एतराज किया। उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पता चलने पर उसके परिवार के जुम्मा, आफताब, आलम जहां, सगीर उसे बचाने आए तो उन्होंने उन्हें भी डंडों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। दोनों गुटों में करीब एक घंटे तक जमकर मारपीट हुई। ज्यादातर के सिर फूट गए और खून बहने लगा। दोनों कुत्तों ने कोतवाली पहुंचकर एक दूसरे पर हमला और मारपीट करने का आरोप लगाया। मारपीट में दोनों गुटों के घायल आलम जहां, साहिल, इकराम, अरशद, आफताब, जुम्मा, जफर, मुनबरी, फिरोज और सगीर का पुलिस ने सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। पुलिस को दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफत देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।