कांठ। नगर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण (डायट) कांठ में सोमवार को शिक्षक शिक्षा के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए दो दिवसीय कला, क्राफ्ट एवं सांस्कृतिक महोत्सव की शुरुआत की गई। जिसमें शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने विभिन्न प्रकार के रचनात्मक मॉडल प्रस्तुत किए।
इस कार्यक्रम की शुरुआत डायट प्राचार्य/उप शिक्षा निदेशक बुद्ध प्रिय सिंह, मंडलीय उप निदेशक सेवायोजन रत्नेश, डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता अंबरीश कुमार यादव ने संयुक्त रूप से की। सोमवार को पहले दिन कला, क्राफ्ट एवं सांस्कृतिक महोत्सव में मुरादाबाद एवं संभल जनपदों के सभी ब्लॉक से आए पांच-पांच शिक्षक और शिक्षिकाओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग एवं क्राफ्ट वर्क की प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर छजलैट ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय डायट परिसर, कंपोजिट विद्यालय लदावली, प्राइमरी विद्यालय सलेमपुर, कंपोजिट विद्यालय कुड़ामीरपुर के साथ ही डिलारी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय अदलपुर के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। डायट प्राचार्य सभी प्रतिभागी बच्चों को मेडल पहनाकर उनका उत्साह वर्धन किया। कला, क्राफ्ट एवं सांस्कृतिक महोत्सव के जरिए शिक्षक और शिक्षिकाओं के द्वारा बेसिक शिक्षा में नए-नए नवाचारों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने के तरीकों को प्रदर्शित किया। डायट प्रवक्ता अंशु गुप्ता कार्यक्रम प्रभारी रहीं। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन मंगलवार को प्रतिभागी शिक्षक और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रवक्ता अनिल कुमार यादव, शशिवाला, टीना वर्मा, राशिद अली, आशुतोष त्यागी आदि रहे।