भगतपुर। गोकशी के आरोपी दो भाई आरिफ व आसिफ को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। दोनों के पैर में पुलिस की गोली लगी है। दोनों रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गांव रैकानंगला के रहने वाले हैं। उनके पास से पशु काटने के उपकरण बरामद हुए हैं।
ग्राम उदमावाला निवासी विक्रम सिंह के अनुसार रविवार सुबह वह खेत पर गए थे। बताया कि वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि खेत में गोवंशीय पशु के अवशेष पड़े थे। इसके बाद उन्होंने भगतपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर भगतपुर पुलिस मौके पर पहुंची व जानकारी जुटाई।
सूचना पर एसपी देहात व सीओ ठाकुरद्वारा व विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम मौके पर पहुंची थी। विक्रम सिंह ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी थी। जिसके आधार पर भगतपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार सत्तीखेड़ा मंगावाला रोड पर पुलिस को दो संदिग्ध नजर आए इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया जिसपर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस दोनों आरोपियों आरिफ व आसिफ निवासी रैकानंगला थाना टांडा जनपद रामपुर को घायल अवस्था में सीएचसी भोजपुर में ले गई व उनका उपचार कराया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी दोनों सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने गोकशी करने की बात स्वीकार की एवं उनके पास से दो तमंचे व पांच कारतूस व पशु काटने के उपकरण व एक बाइक बरामद हुई है।