कुंदरकी। गुरुवार शाम मुरादाबाद आगरा हाईवे पर कंटेनर चालक ने बाइक सवारों को रौंदा दिया। इस हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित होकर कंटेनर गड्ढे में जाकर विद्युत पोल से टकराया गया। पुलिस ने दोनो भाइयों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया है।
संभल जिले हयातनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर धतरा निवासी राजपाल उर्फ काले (27) अपने भाई ओमपाल उर्फ नन्हें (20) पुत्र सौदान सिंह बाइक पर सवार होकर मुरादाबाद से कुंदरकी की दिशा में आ रहे थे। जब इनकी बाइक कुंदरकी थाना क्षेत्र में मुरादाबाद आगरा हाईवे पर स्थित कमालपुर अड्डे के निकट पहुंची तभी पीछे से आए कंटेनर चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में राजपाल और उसके भाई ओमपाल की मौत हो गई। वहीं, कंटेनर अनियंत्रित होकर गड्ढे में जाकर विद्युत पोल से टकराया गया। हादसे को अंजाम देकर आरोपी कंटेनर चालक फरार हो गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों भाइयों को इलाज के लिए मुरादाबाद भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने हाईवे पर जमा भीड़ पर हटवाया। हादसे में मृतक की बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। साथ ही मृतकों के मोबाइल के माध्यम से उनके परिजनों को पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। थानाध्यक्ष का कहना है कि पीड़ित परिवार की और से तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम
कुंदरकी। हाईवे पर आकस्मिक हादसे में दो सगे भाइयों की मौत पर उनके परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस की सूचना पर कुंदरकी थाने में आया परिजनों में चीख पु्कार मची हुई थी। तीन भाईयों में दो भाइयों की मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। वहीं इकलौती बहन और अन्य परिजन भी रोते बिलखते बेहाल हो गए।
हाईवे के बाद जुटी भीड़, यातायात प्रभावित
कुंदरकी। थाना क्षेत्र में मुरादाबाद आगरा हाईवे पर हादसे में दो सगे भाइयों की मौत होने से लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके चलते यातायात भी प्रभावित हो गया। पुलिस ने पहले शव को मुरादाबाद भेजा। उसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। एक साइड के वाहन रोकर दूसरी साइड के वाहनों को निकाल कर व्यवस्था को संभाला, ताकि जाम न लग सके।
बाइक में ही लटक रहा हेलमेट
कुंदरकी। सड़क हादसे में राजपाल और उसके भाई ओमपाल के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। दोनों के सिरों से निकला खून पर सड़क पर बिखरा हुआ था। जिसकी वजह से दोनों की जान चली गई। जबकि बाइक में हेलमेट भी लटक हुआ था। अगर हेलमेट पहना होता तो शायद में दोनो भाइयों में किसी एक सिर में गंभीर चोट नहीं आती है।