मुरादाबाद। कटघर पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोपी मोहम्मद फारुख सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कटघर थाने के एसआई चांदवीर सिंह 20 मार्च को गुलाबबाड़ी श्मशान घाट तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग की। इस बीच आरोपी भाग निकले। पुलिस ने छोटा हाथी वाहन से 120 किलो मांस बरामद किया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच की तो भोजपुर ईदगाह के पास धर्मपुर निवासी मो. फारुख का नाम सामने आया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी मो. फारुख को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। पूर्व में दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई गई। आरोपी ने बताया कि करूला में रहने वाला भोजपुर के मोहल्ला कुरैशियान निवासी इकराम कुरैशी ने उसे बचाने के एवज में 1. 69 लाख रुपये लिए थे।
इकराम कुरैशी ने उसके रिश्तेदार से मुकदमे में नाम निकलवाने की बात कहकर पुलिस के नाम पर डरा धमका कर पहले भी 1. 14 लाख रुपये और 55 हजार रुपये लिए थे। पूछताछ में यह बात सामने आने के बाद इकराम कुरैशी पर भी केस दर्ज किया गया। थोड़ी देर बाद ही पुलिस टीम ने आरोपी इकराम कुरैशी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक प्रेस कार्ड, दो आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन और रंगदारी में वसूली गई रकम में से 10 हजार 300 रुपये बरामद किया गया है।
इकराम के खिलाफ पहले भी रंगदारी मांगने, हत्या और गैंगस्टर जैसे केस दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।