मुरादाबाद। सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक में रहने वाले एक युवक की नौकरी लगवाने के नाम पर ठगों ने ढाई लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि नौकरी नहीं लगी तो युवक की मां ने अपनी रकम वापस मांगी। तब आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक निवासी ऊषा पत्नी होराम ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है। पत्र में महिला ने बताया कि तीन साल पहले उसका बेटा सरकारी विभाग में नौकरी के लिए तैयारी कर रहा था। इसी दौरान चक्कर की मिलक निवासी एक महिला और उसके बेटे व बहू ने उसे झांसा दिया कि उनकी सरकारी विभाग के बड़े अधिकारी और नेताओं से अच्छी जान पहचान है। वह रेलवे विभाग में उसके बेटे की नौकरी लगवा देंगे। आरोपियों ने महिला से ढाई लाख रुपये ले लिए। बावजूद इसके महिला के बेटे की नौकरी नहीं लगी। महिला ने बताया कि नौकरी नहीं लगी तो उसने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो उन्होंने महिला को जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी बबलू कुमार ने सिविल लाइंस थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।