कोहरे में डीसीएम में घुसी पिकअप, मासूम की मौत
कटघर थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल पर बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे घने कोहरे में पिकअप वाहन खड़ी डीसीएम में घुस गया। इस हादसे में तीन माह के मासूम राघव की मौत हो गई जबकि परिवार के 10 लोग घायल हो गए। हादसे के समय परिवार बच्चे का मुंडन कराने रामनगर जा रहा था।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज कराने के बाद घायल अपने अपने घर चले गए। सिविल लाइंस क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी जितेंद्र सिंह अपने तीन माह के बेटे का मुंडन कराने के लिए परिवार के साथ रामनगर के गर्जिया मंदिर जा रहे थे।
उन्होंने रामनगर जाने के लिए पिकअप वाहन बुक किया था। जिसमें दस लोग सवार थे। चक्कर की मिलक से यह लोग निकले थे लेकिन घना कोहरा होने के कारण वाहन धीरे में ही चल रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे इनका वाहन कटघर क्षेत्र में रामगंगा पुल से गुजर रहा था।
इसी दौरान एक खराब डीसीएम पुल पर खड़ी थी। जिसमें पिकअप वाहन टकरा गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल सावित्री, रेखा, अर्जुन, कैलाश, आशा देवी, गीता देवी, विवेक, मयंक, प्रकाश, बबीता और तीन माह के बच्चे राघव सैनी को जिला अस्पताल भिजवा दिया जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया है।
कटघर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घायल इलाज कराने के बाद अपने अपने घर चले गए थे। अभी कोई कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।