मुरादाबाद। काशीपुर तिराहे पर सोमवार रात तैनात टीएसआई जयप्रकाश सिंह के सिर पर एक युवक ने डंडे से हमला कर दिया। वह टेंपों चालकों के बीच विवाद होने पर उन्हें समझाने गए थे। घटना के आधे घंटे बाद साथी पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नशेड़ी प्रवृत्ति का है।
ट्रैफिक पुलिस के उप निरीक्षक जयप्रकाश सिंह सिपाही प्रदीप सिंह और होमगार्ड हरिओम व कुंवर सिंह के साथ काशीपुर तिराहे पर सोमवार रात तैनात थे। रात 9.55 बजे टेंपो चालकों के बीच विवाद होने पर टीएसआई उनको समझाने गए थे। विवाद शांत होने के बाद टेंपो से निकलकर एक युवक आया और उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की। डांटने पर युवक ने टीएसआई के सिर पर डंडे से हमला कर दिया और भागने लगा।
सिपाही व होमगार्ड ने उसका पीछा किया और करीब आधे घंटे बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि हमलावर सावेज उर्फ साहिल (20) रामपुर दोराहा का रहने वाला है। वह ऑटो चालकों के साथ घूमता रहता है। मामले में कटघर पुलिस ने टीएसआई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने घटना के बारे में जानकारी ली है। कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन वह पुलिस के सामने बड़बड़ा रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी सावेज नशेड़ी प्रवृत्ति का है। पुलिस ने उसे सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।