गलशहीद थानाक्षेत्र में रहने वाली आठ साल की बच्ची को बाइक पर घुमाने के बहाने कब्रिस्तान के पास सुनसान जगह पर ले जाकर 25 वर्षीय युवक ने रेप की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर भागने की कोशिश की तो पब्लिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बच्ची को आरोपी के कब्जे से बरामद कर उसकी पिटाई की।
गलशहीद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गलशहीद क्षेत्र में पीतल की छिलाई करने वाला व्यक्ति परिवार के साथ रहता है। उसकी आठ साल की बेटी है, जो दूसरी कक्षा की छात्रा है। वह रात साढे़ आठ बजे घर के बाहर खेल रही थी।
इस दौरान करूला का रहने वाला फुरकान वहां पर पहुंचा। आरोपी ने छात्रा को बाइक पर घुमाने का झांसा दिया और उसे बाइक पर बैठाकर कब्रिस्तान के पास ले गया। वहां पर बच्ची से रेप की कोशिश करने लगा तो वह शोर मचाने लगी। शोर सुनकर पास मजदूरी कर रहे कुछ लोग पहुंच गए और उसको आरोपी के कब्जे से बचाया।
शिकायत कंट्रोल रूम में दी। बच्ची से जानकारी कर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। एसओ गलशहीद केके तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीतल की ढिलाई का काम करता है, उसके दोस्त की रिश्तेदारी बच्ची के घर है। इस वजह से वह बच्ची को जानता था। पहले भी वह दोस्त के साथ बच्ची के घर आ चुका है, जिस वजह से बच्ची उसे जानती थी और बाइक पर उसके साथ चली गई।