कोतवाली क्षेत्र में व्यस्त इम्पीरियल तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे ट्रैफिक पुलिस के एक दरोगा को नशे में धुत्त ट्रक ड्राइवर ने भरे चौराहे पीट दिया। घटना के वक्त ट्रक ड्राइवर नशे में धुत था और अपने दो अन्य साथियों के संग बाइक से कहीं जा रहा था। बाइक पर तीन लोगों को बैठा देख दरोगा ने रोका और कागज मांगे तो ट्रक ड्राइवर भड़क गया।
गाली गलौज के बाद उसने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मौके से भागे उसके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। दरोगा की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ट्रैफिक पुलिस के एचसीपी रामवीर सिंह अपनी टीम के साथ गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे इम्पीरियल तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी वक्त एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां से गुजरे तो उन्होंने बाइक रुकवा ली। बाइक चला रहे युवक से कागज मांगे तो वह भड़क गया और दरोगा के साथ मारपीट पर उतर आया।
भरे चौराहे वर्दी वाले से मारपीट होता देख लोग भी ठिठक गए। बाकी पुलिस वालों ने दरोगा से भिड़े बाइक सवार व उसके एक साथी को पकड़ा और कोतवाली ले गए। तीसरा भाग निकला। एसपी ट्रैफिक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पकड़े गए युवकों ने अपना नाम पता भूरा पुत्र राजपाल निवासी लाइनपार और विनोद पुत्र बृजपाल निवासी कांशीराम नगर बताया है।
भूरा ट्रक चालक और विनोद मंडी समिति में किसी आढ़त पर मुनीम है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि अभियुक्तों ने एचसीपी का कॉलर पकड़ने की कोशिश की थी। मुकदमा दर्ज करके भूरा और विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है, मेडिकल में दोनों में एल्कोहल की पुष्टि हुई है।