मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में पंडित नगला बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने महिला के बेटे की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला तारा यानी (62) कटघर थानाक्षेत्र के करूला मोती मस्जिद निवासी थी। वह मंगलवार रात अपने पति जहूरुद्दीन के साथ बाइक से एकता कालोनी जा रही थी। बताया जा रहा है कि जब जहूरुद्दीन की बाइक पंडित नगला बाईपास पर पुलिस चौकी के पास पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला तारायानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति को भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद महिला के शव को परिजनों की सुुपुर्दगी में दे दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला के बेटे अब्बास यानी की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।