उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के जोया में सोमवार की रात मुरादाबाद से गजरौला की तरफ जा रहे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में बाइक ट्रक में ही फंस गई। इससे सड़क पर रगड़ लगने की वजह से बाइक से निकली चिंगारी से ट्रक में आग लग गई। इसके बाद ट्रक धू-धू कर जल उठा।
ट्रक चालक ने कूदकर जान बचाई। वहीं, घायल बाइक सवार को पुलिस ने जोया सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ये हादसा घने कोहरे के कारण हुआ है।
डिडौली कोतवाली इलाके के गांव नारंगपुर में किसान देवराज सिंह का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। छोटा बेटा बिट्टू सोमवार की रात जोया से घर लौट रहे थे। तभी मुरादाबाद की दिशा से आ रहे चावल की भूसी से लदे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
बाइक सवार बिट्टू टक्कर लगने के बाद उछल कर दूर जा गिरा। जबकि उसकी बाइक ट्रक में फंस गई। हादसे से अनजान आरोपी चालक ट्रक को दौड़ाता रहा। इस बीच सड़क पर बाइक की रगड़ लगने से निकली चिंगारी से ट्रक में आग लग गई। जोया टोल प्लाजा के पास पहुंचने से पहले ट्रक धू धू कर जलने लगा।
आग की लपटें आसमान छूने लगीं। इस दौरान ट्रक चालक ने कूदकर जान बचाई। थोड़ी देर में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बिट्टू को जोया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में बिट्टू की मौत हो गई।
उधर सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। अग्निकांड में ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। आरोपी ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई है। मृतक के परिजन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसकी जानकारी मुझे नहीं है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।