मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी ने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सीएमओ को ज्ञापन सौंपा।
पार्टी ने मांग की है कि अस्पताल में उपलब्ध वेंटिलेटर सुविधा का लाभ सभी जरूरतमंद रोगियों को दिया जाए। अस्पताल की पैथोलॉजी में उपलब्ध सभी जांच सुविधाओं का लाभ रोगियों को सुचारु रूप से मिले। जांच के नाम पर किसी का शोषण न हो। अस्पताल में पंजीकरण और दवा पटल पर लंबी कतार लग जाने के कारण रोगियों और तीमारदारों को परेशानी होती है। ऐसे में इन पटलों की संख्या बढ़ाई जाए। अस्पताल में दवाइयां उपलब्ध होने के बावजूद प्राइवेट मेडिकलों से रोगियों को दवा लेने के लिए विवश किया जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन देेने वालों में सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शाने अली शानू, कुलदीप तुरैहा एडवोकेट, तुंगीश यादव, हारून पाशा, फरीद मलिक, रजीउद्दीन खान, सुनीता सिंह, वदूद खां, राजेंद्र सिंह, मोहम्मद आसिम, मोहम्मद अफनान, रहीस सैफी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो