मुरादाबाद। विभिन्न खेलों के केंद्रीय प्रशिक्षण शिविरों में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों को ट्रायल देना होगा। ये ट्रायल 11 से 27 अप्रैल तक जनपद एवं मंडल स्तर पर आयोजित होंगे। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए भी ट्रायल दे सकेंगे। इन ट्रायल्स के आधार पर खिलाड़ियों को केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए छात्रावासों में प्रवेश दिया जाएगा।
खिलाड़ी को 10 रुपये का फार्म क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय से खरीदकर आवेदन करना होगा। इसके बाद जनपद एवं मंडल स्तर पर ट्रायल देना होगा। मुरादाबाद में ये ट्रायल सोनकपुर स्टेडियम में आयोजित होंगे। जिम्नास्टिक और तैराकी में ट्रायल के लिए खिलाड़ी की आयु एक अप्रैल 2022 तक 12 वर्ष से कम होनी चाहिए। जबकि अन्य खेलों में 15 वर्ष से कम होनी चाहिए। आयु के संबंध में खिलाड़ी को विद्यालय द्वारा प्रदत्त जन्मतिथि प्रमाणपत्र लाना होगा। यह प्रमाणपत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी या जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित होना चाहिए। ट्रायल के समय जन्मतिथि संबंधित अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित कराना संभव न हो तो विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा प्रदत्त प्रमाणपत्र मान्य होगा। साथ ही खिलाड़ी के माता-पिता को जन्मतिथि के संबंध में नोटरी शपथ पत्र देना होगा। क्रीड़ाधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि ट्रायल्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आने-जाने, ठहरने और खाने पीने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।