मुरादाबाद। मुरादाबाद से हरिद्वार रूट पर ऐथल स्टेशन के पास भारी पटरी बिछाने के लिए रेलवे ने ब्लॉक की अनुमति दी। रविवार दोपहर तीन घंटे के ब्लॉक में ट्रैक मरम्मत के काम पूरा नहीं होने की वजह से दो घंटे अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। विभिन्न रेलवे रूट की दर्जनभर एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन ब्लॉक की वजह से प्रभावित हो गया।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक रविवार दोपहर 1.20 बजे ब्लॉक की अनुमति दी गई थी। शाम 4.50 बजे तक ब्लॉक में मरम्मत के काम पूरे किए जाने थे। लेकिन पटरी बिछाने के काम पूरे नहीं होने से सवा छह बजे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। इसकी वजह से 12205 नंदादेवी एक्सप्रेस, 13009 दून एक्सप्रेस, 14610 हेमकुंड एक्सप्रेस, 14632 लोहानी एक्सप्रेस, 14042 मसूरी एक्सप्रेस, 12056 नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस, 12328 उपासना एक्सप्रेस, 18478 कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस, 54471 दिल्ली-ऋषिकेश पैसेंजर और 54476 हरिद्वार-दिल्ली पैसेंजर 25 मिनट से चार घंटे तक लेट हुईं।
सियालदह की बोगी के ब्र्रेक जाम
मुरादाबाद। जम्मूतवी से कोलकाता के बीच चलने वाली 13152 सियालदह एक्सप्रेस के दो कोच के ब्रेक जाम होने की घटना मिलक स्टेशन के पास सामने आई। लोको पायलट और गार्ड ने रविवार दोपहर 12 बजे कंट्रोल रूम को जानकारी दी। मिलक स्टेशन पर ही दोनों कोच में आई तकनीकी खराबी को ठीक किया गया। इस समस्या की वजह से ट्रेन पंद्रह मिनट लेट गंतव्य को रवाना की जा सकी। ब्यूरो
मालगाड़ी का इंजन फेल, तीन घंटे खड़ी रही
मुरादाबाद। मुरादाबाद स्टेशन पर अप लाइन की मालगाड़ी का इंजन खराब होने के बाद तीन घंटा खड़ी रखनी पड़ी। स्टेशन कटघर ने रविवार सुबह सवा ग्यारह बजे जानकारी दी कि मालगाड़ी के इंजन में दिक्कत आई है। मुरादाबाद स्टेशन पर इंजन के लोको पायलट सुनील कुमार ने बताया कि मालगाड़ी के इंजन चार्ज नहीं हो रहा है। तकनीकी स्टाफ ने इंजन की पड़ताल करके दोपहर ढाई बजे ठीक कर सके। इसके बाद इंजन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका। ब्यूरो