मुरादाबाद। नगर निगम द्वारा दुकानों का किराया बढ़ाने और नोटिस जारी करने के विरोध में व्यापारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मेयर विनोद अग्रवाल से मुलाकात की। दुकानदारों ने किराया नहीं बढ़ाने, प्रीमियम धनराशि नहीं लेने की मांग की। साथ ही निगम की कार्रवाई का विरोध जताया। इस पर मेयर ने अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
बुध बाजार के व्यापारी दोपहर शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा और व्यापारी विजय मदान की अगुवाई बुद्धि विहार स्थित निर्यातक ललित चौधरी के आवास पर पहुंचे और मेयर विनोद अग्रवाल से मुलाकात कर वार्ता की। करीब आधा घंटे चली वार्ता में व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन द्वारा दुकानों को सील करने की चेतावनी देने, कई गुना किराया और प्रीमियम का नोटिस जारी करने का मुद्दा उठाते हुए इन सभी समस्याओं के समाधान की मांग की।
महापौर ने मांगों पर अधिकारियों से वार्ता और विचार विमर्श के बाद हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर शिव सेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा, व्यापारी नेता विजय मदान, नरेंद्र सिक्का, सुमित कत्याल, संदीप बजाज, विजय मदान, विपिन भटनागर आदि व्यापारी मौजूद रहे।