मुरादाबाद। पाकबड़ा पुलिस ने अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चार ट्रैक्टर बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि वह ट्रैक्टर के इंजन और चैसिस नंबर को घिस देते थे। इसके बाद वह ट्रैक्टर बेच देते थे। इस गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि पाकबड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि करनपुर गांव में दूसरे प्रदेशों से चोरी किए गए ट्रैक्टर हैं। थाना प्रभारी योगेंद्र यादव ने पुलिस टीम के साथ गांव में दबिश देकर एक आरोपी सुभानी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी सुभानी से पूछताछ की तो उसने चार ट्रैक्टर बरामद करा दिए। जबकि चार आरोपी एहसान, फारूख उर्फ बिल्लू, कादिर, तहजीब और अब्दुल व दो अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी सुभानी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दूसरे प्रदेशों से ट्रैक्टरों को चोरी करने के बाद यहां लाकर ग्रांडर मशीन से इंजन और चैसिस नंबर घिस दिया जाता था। इसके बाद ट्रैक्टरों को बेच देते थे। एसपी सिटी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस गिरोह के अन्य साथियों के बारे में जानकारी हो पाएगी।