मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में हादसे के बाद मौके पर बिखरा पड़ा सामान व मौजूद लोग।
- फोटो : thk
आगे निकलने की होड़ में एक ट्रैक्टर-ट्राली गड्ढे में पलटने से उसमें सवार 20 लोग घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर बाइक सवार मां-बेटा भी गंभीर जख्मी हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया है।
जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा के ग्राम सिपाहियों वाला टांडा निवासी दस परिवारों के करीब 50 ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे ट्रैक्टर-ट्राली से काशीपुर चैती के मेले में गए थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे लौटते समय ठाकुरद्वारा-स्योहारा मार्ग पर मदारपुर मोड़ के नजदीक दूसरी ट्रैक्टर-ट्राली ने ओवरटेक करते समय कट मार दिया, जिससे चालक राहुल असंतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों के साथ खेतों में कटाई कर रहे किसानों ने पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्राली को सीधा किया और घायलों को निकाला। हादसे में 20 लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शरीफ नगर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर शरीफ नगर निवासी बाइक सवार घनेंद्र कुमार और मां रूपवति देवी भी घायल हो गए। मां-बेटा दारापुर रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोनों को काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया।
ये हुए घायल
हितेयर कुमार(18) पुत्र ओम प्रकाश सिंह, अंश(8) पुत्र गुलशन सिंह, सोनी(35) पत्नी गुलशन सिंह, दुलारी(70), धरमो देवी(55), शिवानी(25), लवी(38) पुत्र लक्ष्मण सिंह, कामनी(26) पत्नी लवी, रेखा(25) पत्नी मुकेश, मिथलेश(55) पत्नी राम सिंह, ब्रिजेश कुमारी (45) पत्नी ओमकार, पिंकी (32) पत्नी नन्हे सिंह, राजन (10) पुत्र नन्हे, साजन (12) पुत्र नन्हे, कौशल (35)।