मुरादाबाद। ईंट से लदी ट्रैक्टर ट्राली के रेलवे क्रासिंग पर फंसने के बाद सात एक्सप्रेस यात्री गाड़ियां डेढ़ घंटे तक रेल पटरी पर ही खड़ी रहीं। बरेली से कैट रेलवे स्टेशनों के बीच गेट नंबर 395ए पर शनिवार दोपहर 11 बजे ट्रैक्टर-ट्राली के फंसने के बाद अप लाइन को खाली कराने में 40 मिनट, जबकि डाउन लाइन को ट्रेन संचालन लायक बनाने में एक घंटे का समय लगा।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक ट्रैक्टर ट्राली पर काफी ऊंचाई तक ईंट लादी गई थी। क्रासिंग से गुजरने के दौरान एक तरफ का पहिया पटरी के पास फंस गया था। गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को खबर भेजी। कंट्रोल रूम से अलर्ट होने के बाद पीछे से आने वाली अवध-असम एक्सप्रेस 15909, मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस 13429, सरयू-यमुना एक्सप्रेस 14649, प्रयाग-बरेली एक्सप्रेस 14307, राज्यरानी एक्सप्रेस 22454, जम्मू-गुवाहाटी एक्सप्रेस 15654 और कोलकाता एक्सप्रेस 13152 को 50 मिनट से डेढ़ घंटे तक रेल पटरी पर ही खड़ी रखना पड़ा।