मुरादाबूाद। जिले की तीन चीनी मिलों पर किसानों के गन्ने का 98 करोड़ रुपये बकाया है। भुगतान शीघ्र करने के लिए जिला गन्ना अधिकारी राम किशन ने तीनों चीनी मिल के प्रबंधकों को नोटिस जारी किया है। इधर किसान संगठन के नेताओं ने शीघ्र बकाया देने की मांग उठाई है।
जिले की चार चीनी मिलों में सिर्फ रानी नांगल चीनी मिल ने किसानों के गन्ने का पूरा भुगतान कर दिया है। बिलारी चीनी मिल पर 25.81 करोड़ रुपये, बेलवाड़ा चीनी मिल पर 37 करोड़ रुपये और अगवानपुर चीनी मिल पर करीब 36 करो़ड़ रुपये गन्ना किसानों का बकाया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि चीनी मिलों पर कुल 925 करोड़ रुपये की देनदारी थी। 827 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है।
चीनी मिलों ने 90 प्रतिशत बकाए का भुगतान किया है लेकिन अभी दस प्रतिशत बकाया है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के मंडलीय अध्यक्ष मनोज चौधरी का कहना है कि इस मामले में प्रत्येक तहसील क्षेत्र के अधिकारियों को गन्ना भुगतान शीघ्र कराने के लिए ज्ञापन दिया गया है।
मंडल में गन्ना उत्पादन का आंकलन करने के लिए सर्वे शुरू
मुरादाबाद। गन्ना उत्पादन का आंकलन मंडल में सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। पहली बार किसानों की समस्याओं का निस्तारण एवं गन्ना सर्वेक्षण मैट्रिक प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। शत-प्रतिशत सर्वेक्षण जीपीएस युक्त एंड्रायड मशीन से किया जा रहा है। मंडल कार्यालय ने नियमों के तहत गन्ना किसानों को वेबसाइट के माध्यम से खुद घोषणापत्र भरने की सलाह दी है। सर्वेक्षण टीम में एक राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक, समिति कर्मचारी एवं एक चीनी मिल कर्मचारी शामिल हैं। प्रत्येक चीनी मिल क्षेत्र में 500 से 1000 हेक्टेयर की अस्थायी सर्किल बनाया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि नए सदस्यों का पंजीकरण भी किया जाएगा। 30 सितंबर तक पंजीकृत कृषकों को ही गन्ना आपूर्ति का लाभ मिलेगा।