भगतपुर (मुरादाबाद)। थानाक्षेत्र के ठिरियादान गांव के जंगल स्थित तालाब में मंगलवार को डूबकर तीन छात्राओं की मौत हो गई। इनमें दो सगी बहनें शामिल हैं। एक छात्रा किसी तरह तालाब से बाहर निकल आई और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने गोताखोरों को बुलाकर छात्राओं को तालाब से निकलवाया और उन्हें सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
भगतपुर के ठिरियादान गांव निवासी शाकिर की बेटी उजमा (10) कक्षा तीन, दूसरी बेटी निकहत (8) कक्षा दो और गांव के ही सोनू की बेटी आठ वर्षीय बेटी आराध्या उर्फ प्रियांशी कक्षा दो में पढ़ती थीं। इनके अलावा सतपाल की आठ वर्षीय बेटी प्रियांशी कक्षा चार में पढ़ती है।
परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि चारों छात्राएं मंगलवार को स्कूल गई थीं। स्कूल से घर आने के बाद शाम साढ़े चार बजे चारों जंगल से पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गई थीं। वहां पहुंचने पर चारों तालाब में नहाने के लिए चली गई। नहाते समय उजमा, निकहत और आराध्या गहरे पानी में चली गई। जबकि प्रियांशी किसी तरह तालाब से बाहर निकल आई। बाहर आकर प्रियांशी ने शोर मचाया लेकिन आसपास खेतों में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। गांव पहुंचने उसने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन तालाब के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने गोताखोर आसिफ और जाबिर को बुला लिया।