कुंदरकी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कुंदरकी नगर और ग्रामीण इलाके में तीन मेधावी छात्रों ने सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अब इन छात्रों के एमबीबीएस डॉक्टर बनने का भी सपना भी पूरा हो सकेगा। कुंदरकी के मोहल्ला कायस्थान निवासी शिक्षक राजेंद्र कुमार के बेटे दिशान्त प्रजापति ने नीट परीक्षा 2026 में 597 अंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। बचपन से मेधावी दिशान्त प्रजापति ने नियमित रूप से पढ़ाई कर नीट परीक्षा पास की। परिवार में मां ऊषा आर्या, बीटेक भाई देवेंद्र कुमार, सगे संबंधियों, रिश्तेदारों और गुरुजनों ने बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं क्षेत्र के मसेबी रसूलपुर गांव निवासी एवं हबीबी पब्लिक इंटर कॉलेज डींगरपुर वाइस प्रिंसिपल जहीरूल इस्लाम के 19 वर्षीय बेटे खातीबुल इस्लाम ने नीट में 589 अंक हासिल कर सफलता हासिल की है। कॉलेज में खातीबुल इस्लाम को फूल मालाएं कर सम्मानित किया गया।
साथ ही प्रबंधक महमूद जावेद ने पांच हजार रुपये की धनराशि देकर उत्साहवर्धन किया है। उधर क्षेत्र के ही ग्राम गुरेर निवासी मेडिकल स्टोर स्वामी मोहम्मद हसन के मेधावी बेटे मोहम्मद शाने रब ने 580 अंक हासिल कर नीट क्वालिफाई कर क्षेत्र के नाम रोशन किया है। मेधावी मोहम्मद शाने रब ने एएमयू से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट किया है। मां नाजनीन और बहन जिकरा हसन और अन्य परिजन शाने रब की सफलता पर खुशी का इजहार करते नजर आए।