मुरादाबाद। कोरोना संक्रमित दो महिलाओं समेत तीन लोगों की गुरुवार को मौत हो गई। इसमें से मुरादाबाद की एक महिला की मौत मेरठ मेडिकल कालेज में हुई। वहीं, गुरुवार को कोरोना के 133 नए पॉजिटिव भी मिले हैं। इनमें एडीएम प्रशासन कार्यालय के दो लिपिक पॉजिटिव आने के बाद 24 घंटे के लिए कार्यालय को सील कर दिया है। मुरादाबाद डिपो के एआरएम के संक्रमित आने से उनका कार्यालय भी बंद कर दिया है। जिले में संक्रमण की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 103 और संक्रमितों की संख्या 4449 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि मझोला, जयंतीपुर निवासी 54 वर्षीय संक्रमित की टीएमयू में गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे मौत हो गई। संक्रमित को 21 अगस्त को भर्ती कराया गया था। वहीं, भोजपुर निवासी 55 साल की महिला ने भी बुधवार की रात पौने तीन बजे दम तोड़ दिया। महिला शुगर और किडनी की मरीज थी। 17 अगस्त को उसे कांठ रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पॉजिटिव आने पर 19 अगस्त की रात टीएमयू के लिए रेफर किया गया। परिजनों ने बताया कि 25 अगस्त को निगेटिव रिपोर्ट आ गई थी। इसके बाद भी सांस लेने में परेशानी हो रही थी। पुलिस की निगरानी में शव सुपुर्द खाक किया गया।
रैपिड एंटीजन में गुरुवार को 60 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें सर्वाधिक 21 मरीज हरथला जोन से हैं। हरथला जोन की डाक्टर रिचा लोचब ने बताया कि टीम ने कलक्ट्रेट परिसर में भी कर्मचारियों की सैंपलिंग की। अपर जिलाधिकारी प्रशासन के कार्यालय के दो लिपिक समेत आठ लोग पॉजिटिव आए। इनमें पांच कर्मचारी और तीन उनके परिवार के लोग शामिल हैं। कर्मचारियों के पॉजिटिव आने के बाद अपर जिलाधिकारी प्रशासन लक्ष्मी शंकर सिंह ने अन्य कर्मचारियों को होम क्वारंटीन कर 24 घंटे (28 अगस्त की शाम पांच बजे) तक सील करवा दिया है। मुरादाबाद डिपो के एआरएम भी पॉजिटिव आने से उनका कार्यालय सील कर दिया है। रैपिड एंटीजन में बिलारी से दो, ठाकुरद्वारा से तीन, डिलारी से एक, भोजपुर से दो, ताजपुर से एक, कुंदरकी से तीन, कांठ से दो, मूंढापांडे से तीन, बंगला गांव से आठ, किसरौल से चार, टाउन हाल से चार, मझोला से चार और पीतल बस्ती से दो मरीज मिले हैं।
आरटीपीसीआर लैब नोएडा से 73 पॉजिटिव आए हैं। इनमें सीडीओ आफिस के पांच कर्मचारी, पीटीएस के तीन पुलिस कर्मी और जेल के चार बंदी शामिल हैं। सीएचसी कुंदरकी का एक कर्मचारी, टीएमयू कैंपस से पांच पॉजिटिव हैं। बाकी मरीज गोपीवाला, लाइनपार, मझोला, मिलन विहार और कुंदनपुर, मोरा की मिलक, चाऊ की बस्ती, राम गंगा विहार, गुलाबबाड़ी, एमडीए कालोनी, बुद्धि विहार, टीडीआई सिटी, काशीरामनगर, सूर्यनगर, हरपाल नगर, गोविंद नगर, लाकड़ी फाजलपुर निवासी हैं।