मुरादाबाद। धोखाधड़ी के केस में आरोपी अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा गुरुवार को भी अदालत में पेश नहीं हुईं। इस कारण अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 11 सितंबर की तारीख तय की है।
शिवपुरी कॉलोनी निवासी प्रमोद शर्मा ने कटघर थाने में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। प्रमोद का कहना था कि दिल्ली में 30 सितंबर 2018 को होने वाले कार्यक्रम में आने के लिए सोनाक्षी सिन्हा से अनुबंध हुआ था। इसके लिए सोनाक्षी और उनकी कंपनी के पदाधिकारियों को 29 लाख 92 हजार रुपये का भुगतान किया गया था। प्रमोद का आरोप था कि रकम लेेने के बाद भी सोनाक्षी सिन्हा कार्यक्रम में नहीं पहुंची थीं।
इस मामले में कटघर पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद चार्जशीट अदालत में दाखिल की थी। इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में चल रही है। गुरुवार को इस मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन सोनाक्षी सिन्हा कोर्ट में हाजिर नहीं हुईं। प्रमोद के अधिवक्ता ने बताया कि अदालत ने इस मामले में सुनवाई के लिए अगली तारीख 11 सितंबर तय की है।
--