फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: निकाह के तीन दिन बाद पेड़ से लटका मिला युवक का शव

विज्ञापन
विज्ञापन
ठाकुरद्वारा। थानाक्षेत्र के लालापुर पीपलसाना में प्रेमिका से निकाह करने के तीन दिन बाद शुक्रवार को 26 वर्षीय दानिश का शव पेड़ पर लटका मिला। दानिश सउदी अरब में रहकर नौकरी करता था। युवक की मां ने प्रेमिका के परिवार के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की है। एसपी देहात का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव लालपुर पीपलसाना निवासी दानिश करीब 15 दिन पहले ही सऊदी अरब से घर लौटा था। बताया जा रहा है कि गांव में ही रहने वाली एक युवती से उसके प्रेम संबंध चल थे लेकिन दोनों के परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे। 13 अक्तूबर को युवती दानिश के घर पहुंच गई और उससे निकाह करने की जिद पर अड़ गई। इस बात को लेकर उसने हंगामा भी किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझा बुझाकर शांत कराया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान झोलाछाप डॉक्टर दोनों को अपने घर ले गया। जहां दोनों का निकाह करा दिया गया था। दानिश की मां रईसा खातून का दावा है कि शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे युवती के परिजन लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। उनके साथ गाली गलौज और मारपीट की। इस बात से परेशान होकर दानिश घर से चला गया। कुछ देर बाद दानिश का शव उसके ही खेत में पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला।
विज्ञापन

रईसा खातून ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की हत्या करने के बाद शव पेड़ से लटकाया गया है। दानिश का जबरन निकाह कराया गया। दानिश के पिता खलील बाहर काम करने गए हुए हैं। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
-
पिता के घर लौटने का हो रहा इंतजार
ठाकुरद्वारा। दानिश की मां रईसा खातून ने तहरीर दी थी लेकिन तहरीर कई बार बदली गई है। दानिश के पिता खलील अहमद पानीपत में काम करते हैं। उनके लौटने का इंतजार किया जा रहा है। उनके देररात तक घर लौटने की संभावना है। उधर कोतवाली में रईसा की मां पर कुछ लोग अपने अनुसार कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर देने के लिए दबाव डालते रहे। काफी देर तक उनमें कोतवाली में भी नोकझोंक और खींचतान होती रही। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांचाल ने बताया कि पिता के आने के बाद ही तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें