मुरादाबाद। बाइक चोरी की घटनाओं के बाद हरकत में आई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो बाइकें और नकदी बरामद की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
पुलिस ने जसपुर रोड पर फैजुल्लागंज स्थित धर्मस्थल के पास से संदिग्ध लोगों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम गजेंद्र सिंह, गौरव कुमार निवासी ग्राम फैजुल्लागंज, रितिक कुमार निवासी रामनगर खागूवाला थाना ठाकुरद्वारा बताया। बरामद बाइक के बारे में बताया कि एक बाइक सुरजन नगर में चकरोड के पास से चोरी की थी। दूसरी बाइक महीना भर पूर्व जसपुर रोड आरामशीन के निकट नहर की पटरी से चोरी की थी। एक बाइक एजेंसी के निकट काशीपुर रोड से चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने एक बाइक को 25 सौ रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
बाइक चोरी करते ही बदल देते थे नंबर प्लेट
बाइक चोर पलक झपकते ही न सिर्फ बाइक उड़ा ले जाते, बल्कि नंबर प्लेट बदलकर चोरी की बाइकों से फर्राटा भरते रहते थे। इसके बाद बाइक को बेचकर शौक पूरा करते और दूसरी बाइक चोरी कर लेते थे।
कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आए बाइक चोरों ने खुलासा किया कि वह बाइक चोरी कर सबसे पहले नंबर प्लेट बदलते थे। इसके बाद बाइक का खुद भी इस्तेमाल करते थे। मौका मिलते ही ग्राहक फांसकर बाइक को बेच देते थे। उसकी रकम से घर का खर्च और अपने शौक पूरे करते थे। फिर मौका मिलते ही दूसरी बाइक चोरी कर लेते थे। उनके पास से बरामद दोनों बाइकों पर भी फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली है। इसके बाद पुलिस ने बाइक की आरसी भी बरामद कर ली हैं।