मुरादाबाद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत चल रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। इस दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्कूली छात्रों से बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दो पहिया वाहन नहीं चलाने का आह्वान किया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा के दौरान काम करने वाले पांच राह-वीरों, चार आपदा मित्र, छह रोडवेज चालकों और पांच यातायात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और हेलमेट देकर सम्मानित किया गया।
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आरटीओ कार्यालय में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि हमें जिम्मेदार नागरिक होने के नाते सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसका इलाज कराना चाहिए। उन्होंने मंडल में घायल लोगों की सहायता करने वाले राह-वीरों की सराहना की। आरटीओ प्रशासन राजेश सिंह ने कहा कि जिन छात्रों की आयु 18 वर्ष पूरी न हो उन्हें वाहन नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडल में करीब 15 लोगों ने घायलों की सहायता की है। इन लोगों की सूची तैयार कर विभाग को भेज दी जाएगी। जहां से इन्हें राह-वीर योजना के तहत 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे। आरटीओ प्रवर्तन संदीप कुमार पंकज ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महिपाल सिंह व कपिल रस्तोगी ने किया। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन आनंद निर्मल, एआरटीओ प्रशासन आंजनेय सिंह, पीटीओ नरेंद्र छाबड़ा, एआरएम राजवती, शांतनु, हारून, संजीव पाठक, विवेक दूबे, रश्मि वर्मा आदि मौजूद रहे।