बिलारी। बुधवार रात थाना सोनकपुर के चार ग्रामों में ड्रोन की दहशत बनी रही। ग्रामीणों द्वारा अंधेरे में आबादी के ऊपर ड्रोन उड़ते देख पुलिस बुला ली। कई ग्रामों के लोगों के जागकर रात गुजारी।
थाना सोनकपुर अंतर्गत भिड़वारी गांव निवासी विक्की चौधरी भाकियू अराजनैतिक के बिलारी तहसील अध्यक्ष हैं। विक्की चौधरी के अलावा भिड़वारी गांव निवासी खिलेंद्र सिंह और गुलाब सिंह ने बताया कि बुधवार रात साढ़े नौ बजे के बाद से डेढ़ बजे तक उनके गांव की आबादी के ऊपर ड्रोन उड़ते देखे गए। पहली बार ड्रोन दिखाई देने पर पहले तो ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाए जब उन्होंने ध्यान से देखा तब ड्रोन उड़ने का पता चला। विक्की चौधरी के अनुसार उन्होंने ड्र्रोन उड़ने और उड़ते ड्रोन से हल्की रोशनी निकलने की वीडियो भी बनाई।
विक्की चौधरी ने बताया कि भिड़वारी के अलावा निकटवर्ती गांव भूड़ा, अभनपुर और नगलिया शाहपुर में भी लोगों ने घरों के ऊपर ड्रोन उड़ते देखे। ग्रामीणों की सूचना पर थाना सोनकपुर पुलिस भिड़वारी गांव पहुंच गई। पुलिस के प्रयास के बाद भी ड्रोन उड़ाने वालों का पता नहीं चल पाया। थाना बिलारी के ग्वारऊ गांव के प्रधान प्रतिनिधि टीनू चौधरी ने बताया कि बुधवार रात लगभग ग्यारह बजे जब वह अपनी कार से भिड़वारी ग्वारऊ रोड पर जा रहे थे तब उन्हे भी अपनी गांव की आबादी के ऊपर ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। सड़क किनारे चार लोग संदिग्ध परिस्थिति में खड़े मिले जो कार की लाइट देख गन्ने के खेत में छिप गए। टीनू चौधरी की सूचना पर बिलारी पुलिस रात में ही ग्वारऊ गांव पहुंच गई। पुलिस के प्रयास के बाद भी ड्रोन उड़ाने वालों का पता नहीं चल पाया।