मुरादाबाद। अवैध रूप से लगने वाले मंगल बाजार पर नगर निगम ने फिर से सख्ती की। मंगलवार को कोतवाली पुलिस और नगर निगम टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान दुकानदारों से नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद टीम ने फड़ विक्रेताओं का सामान जब्त कर लिया। बाद में फड़ विक्रेताओं ने लिखित रूप से दुकान न लगाने की बात कही तो उनका सामान वापस कर दिया गया।
प्रवर्तन दल प्रभारी अविनाश कुमार गौतम ने सभी विक्रेताओं को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि मंगल बाजार लगने से शहर के लोगों को जाम जैसी समस्या से जूझना पड़ता है।
इससे बड़ी आबादी प्रभावित होती है, यह पूरी तरह से अवैध है। बाजार में किसी भी रूप में दुकान सजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अब जो भी फड़ विक्रेता दुकानें लगाएंगे, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल के नईम हैदर, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे। ब्यूरो