मुरादाबाद। प्रकाशनगर चौराहे पर स्थापित महान समाजसेविका महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण 29 मई को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। चौराहे पर स्थापित की गई छह फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में होगा। मंगलवार को महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने चौराहे का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर ने निरीक्षण के दौरान कहा कि आने वाली पीढ़ी अहिल्याबाई की प्रतिमा को देखकर उनके त्याग, न्याय प्रियता एवं जनसेवा के योगदान से प्रेरित होगी। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से चौधरी चरण सिंह चौराहे से कैल्टन पब्लिक स्कूल तक सीएम ग्रिड (मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट) योजना के तहत अत्याधुनिक सड़क बनाई जा रही है। इसी सड़क पर ही यह चौराहा है।
सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क के साथ ही इस चौराहे को भी आधुनिक रूप दिया जा रहा है। प्रतिमा स्थापित होने के बाद छत निर्माण और पत्थर लगाने का काम किया जा रहा है। ब्यूरो