मुरादाबाद। संभल रोड पर 10 सराय पुलिस चौकी के पास गली में सड़क किनारे संचालित ढाबे के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। कांवड़ यात्रा के दौरान यहां जाम लगने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी की शिकायत मिलने के बाद निगम का परिवर्तन दल अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। कार्रवाई शुरू होते ही ढाबा संचालक और उसके परिवार के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं की टीम के साथ तीखी नोकझोंक हुई और संचालक ने निगम के ट्रैक्टर की चाबी निकालने का प्रयास किया।
कटघर थाने के एसआई की ओर से नगर निगम को शिकायत भेजी गई थी। इसमें बताया गया था कि कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क पर ढाबा चलने से यातायात प्रभावित हो सकता है और कांवड़ियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगम की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर रखे सामान को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक निगम कर्मचारियों से उलझ गया। उसने परिवर्तन दल के ट्रैक्टर से चाबी निकाल ली। इस बीच पहुंची महिलाओं और निगम टीम के साथ कहासुनी शुरू हो गई। इस कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख नगर निगम कर्मचारियों ने संचालक को कार्रवाई में बाधा डालने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी। इसके बाद उसने ट्रैक्टर की चाबी वापस कर दी।
ढाबा संचालक पर नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है लेकिन कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर आवागमन सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।