सीएचसी में एक सप्ताह से नहीं है टाइफाइड की जांच किट
केंद्र से बिना जांच कराए ही घर लौट रहे बुखार के मरीज
बहजोई (संभल)। नगर के सीएचसी में सप्ताह भर से टाइफाइड बुखार की जांच के लिए किट नहीं है। इससे मरीजों को बिना जांच कराए ही सीएचसी से लौटना पड़ रहा है। जांच किट न होने से मजबूरन मरीजों को निजी लैबों में रुपये खर्च कर जांच करानी पड़ रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब सात दिन से टाइफाइड बुखार की जांच के लिए किट नहीं है। इससे सीएचसी की लैब पर टाइफाइड की जांच कराने आए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। निजी लैबों में पहुंचकर सौ रुपये से लेकर दो सौ रुपये तक खर्च कर टाइफाइड की जांच करानी पड़ रही है। केंद्र में औसतन रोजाना 20 मरीज जांच कराने के लिए आ रहे है। बुखार से पीड़ित मरीज खुशी मोहम्मद का कहना था कि उसे बुखार आ रहा था। मलेरिया व टाइफाइड की जांच कराने सरकारी अस्पताल आया था। यहां अस्पताल की लैब में मलेरिया की जांच तो हो गई, लेकिन किट न होने के कारण टाइफाइड की जांच नहीं हो सकी। यही हाल दूसरे मरीजों का भी है। पूरे मामले में लैब प्रभारी शुभम यादव का कहना था कि करीब सात दिन से टाइफाइड की किट नहीं है। इसके लिए डिमांड भेज दी गई है। वहीं, एमओआईसी डॉ. विरास का कहना था कि टाइफाइड की किट के लिए जिला स्तर पर भी मांग की गई है। जानकारी मिली है कि जिला स्तर पर ही टाइफाइड की किट नहीं है। जिला स्तर से किट उपलब्ध होने पर मरीजों को टाइफाइड की जांच की सुविधा फिर से मिलने लगेगी।