मुरादाबाद। शहर के कुछ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों के पद रिक्त हैं। इसके कारण हर दिन यहां आने वाले मरीज फार्मासिस्ट के भरोसे हैं। वायरल के सीजन में डॉक्टरों का न होना जिला अस्पताल पर दबाव बढ़ा रहा है। यहां हर दिन 1800 से ज्यादा लोग ओपीडी में पहुंच रहे हैं।
रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगने वाले आरोग्य मेले में बंगला गांव, रहमतनगर और वारसी नगर पीएचसी पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के डॉक्टर भेजे गए। दोपहर दो बजे चाऊ की बस्ती पीएचसी पर डॉक्टर अर्चना अग्रवाल मौजूद नहीं थीं। स्टाफ ने बताया कि उनकी तबीयत खराब है, इसलिए जल्दी चली गई हैं। दोपहर 2:27 बजे रहमतनगर पीएचसी पर फार्मासिस्ट तैनात मिले। यहां एक माह से डॉक्टर का पद रिक्त है। रविवार की ड्यूटी के लिए डॉ. सिद्धार्थ एचडब्ल्यूसी से आते हैं। इसी तरह वारसी नगर पीएचसी पर भी मरीज फार्मासिस्ट के भरोसे हैं। इसके अलावा मझोला पीएचसी पर डॉ. इंदु मदान, शिव नगर पीएचसी पर डॉ. नायाब मलिक, मियां कॉलोनी पीएचसी पर डॉ. राजवीर सिंह, टाउनहॉल पीएचसी पर महिला डॉक्टर तैनात मिलीं। पीएचसी के रजिस्टर के मुताबिक इन दिनों 80-90 मरीज हर दिन ओपीडी में आ रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर के न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
00
आरक्षित सीटों के मुताबिक हो रही डॉक्टरों की भर्ती
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल, सीएचसी व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति अब आरक्षित सीटों की संख्या के मुताबिक हो रही है। ऐसे में हर बार कुछ सीटें रिक्त रह जाती हैं। ताजा आंकड़े के मुताबिक इस बार स्वास्थ्य विभाग डॉक्टरों के 51 पदों पर साक्षात्कार आयोजित करने जा रहा है। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 12, ओबीसी के लिए 09, एससी के लिए 22, एसटी के लिए एक और ईडब्ल्यूएस के लिए सात सीटें हैं।
00
17 सितंबर से दो अक्तूबर तक हर पीएचसी-सीएचसी पर लगेंगे शिविर
17 सितंबर से दो अक्तूबर तक सवा पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य विभाग हर सीएचसी-पीएचसी पर शिविर लगाएगा। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों बुलाया जाएगा और मरीजों को निशुल्क परामर्श दिलाया जाएगा। विभाग के अलावा टीएमयू से भी डॉक्टरों का सहयोग लिया जाएगा। जिला अस्पताल में भी मरीजों के लिए शिविर लगेगा। सभी डॉक्टर एक ही स्थान पर बैठेंगे और मरीजों को परामर्श देंगे।
00
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत विभिन्न स्थानों पर डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरने के लिए सोमवार को साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है। उम्मीद है कि सभी पद भर जाएंगे। जरूरत के मुताबिक डॉक्टरों को तैनात किया जाएगा।
- डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ