मुरादाबाद। प्राथमिक विद्यालय कानून गोयान में विद्यार्थियों को कमरों की कमी से जूझना पड़ रहा है। कमरे के अभाव में छात्र-छात्राओं को बरामदे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है जबकि यहां पर 100 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं।
प्राथमिक विद्यालय कानून गोयान में 110 बच्चों के लिए तीन शिक्षक तैनात हैं। स्कूल संकरी गलियों में है। आपातकालीन स्थिति में न तो यहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच सकती है और न ही एंबुलेंस की गाड़ी। स्कूल का मुख्य द्वार इतना छोटा है कि इसमें कार भी नहीं जा सकती है। बरामदे में पढ़ाई करने के लिए बच्चे मजबूर हैं। लेकिन संबंधित अधिकारी इससे अंजान बने हुए हैं। शिक्षकों ने बताया कि एक बरामदे में दो कक्षाएं चलती हैं। एक शिक्षक को दो कक्षाओं में पढ़ाना पड़ता है।
00
शुक्रवार को बच्चों की 1.30 बजे कर दी गई छुट्टी
- प्राथमिक विद्यालय कानून गोयान में समय से पहले बच्चों की छुट्टी दोपहर करीब 1.30 बजे कर दी गई। सहायक शिक्षक सरिता ने बताया कि बच्चों को नमाज पढ़ने जाना होता है। इसलिए जल्दी छुट्टी कर दी गई। जबकि बेसिक स्कूलों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक है। वहीं, दोपहर 1.45 बजे दो शिक्षक ही स्कूल में मिले। जबकि स्कूल में तीन शिक्षक तैनात है। सहायक शिक्षक सरिता ने बताया कि सहायक शिक्षक पंकज कुमार को पढ़ाने के अलावा बच्चों के नामांकन समेत दूसरे भी काम देखना होता है। इसलिए वह दोपहर 12 बजे तक पढ़ाकर स्कूल का दूसरा काम करने चले जाते हैं।
00
- प्राथमिक विद्यालय कानून गोयान की गोपनीय तरीके से जांच करा लिया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।- विमलेश कुमार, बीएसए