गला काटकर की गई थी युवक की हत्या, शिनाख्त नहीं
मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे मिले युवक के शव का पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई थी। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
कटघर थानाक्षेत्र के भदौड़ा और गोविंद नगर के बीच चंदौसी रेल लाइन पर बुधवार शाम कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों से दुर्गंध आई। लोगों ने जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए थे। झाड़ियों में एक युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा हुआ था। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को युवक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है। इससे पता चला है कि युवक की गला काट कर हत्या की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। आस पड़ोस के जनपदों में भी सूचना भिजवाई गई है। ब्यूरो