रामगंगा नदी में सतीश को तलाश करते ग्रामीण
- फोटो : THAKURDWARA
क्षेत्र के ग्राम शेरपुर पट्टी में शनिवार को शादी में आया युवक नदी में नहाने के दौरान डूबते हुए फुफेरे और चचेरे भाइयों को बचाकर खुद पानी में समा गया जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रामगंगा नदी में जाल डालकर उसके शव को बाहर निकाला। इसके बाद उसके परिजन उसके शव को घर लेकर चले गए।
रामपुर जिले में स्वार तहसील क्षेत्र के गांव शिकारपुर निवासी सतीश कुमार (24) पुत्र बाबूराम सिंह शनिवार सुबह फुफेरा भाई सुमित और चचेरा भाई राहुल समेत अपने साथियों के साथ अपनी बुआ की ननद की शादी में ग्राम शेरपुर पट्टी आया था। यहां खाना खाने के बाद वह अपने साथियों के साथ रामगंगा नदी में नहाने के लिए चला गया। इस दौरान वे सभी रामगंगा नदी में गहरे पानी की चले गए। इनमें से सुमित और राहुल डूबने लगे, सतीश ने दोनों को डूबता देखा तो वह उन्हें बचाने के लिए उनकी ओर चला गया और उन दोनों को सहारा देकर सुरक्षित बचा दिया। लेकिन वह खुद गहरे पानी में समा गया। इसकी सूचना उसके साथियों ने गांव में शादी समारोह में पहुंचकर दी तो हड़कंप मच गया। लोग आनन फानन दौड़कर मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान लोगों ने नदी में जाल डालकर उसके शव को बाहर निकाला। सूचना पर गांव से उसके परिजन भी शेरपुर पट्टी पहुंच गए। इसके बाद वह सतीश के शव को लेकर घर चले गए। हालांकि परिजनों ने देर शाम तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी।