मझोला थानाक्षेत्र के जयंतीपुर में मंगलवार रात फर्नीचर कारीगर की पत्नी की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी महिला की लाश नाले में फेंक कर फरार हो गए। आरोपियों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष बताएं जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
देर रात तक पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुटी थी। कोतवाली क्षेत्र के लाल मस्जिद मोहल्ला निवासी शखावत हुसैन फर्नीचर कारीगर हैं। वह परिवार के साथ जयंतीपुर में किराये के मकान में रहता है। शखावत ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस में लतीफ का परिवार रहता है। मंगलवार रात शखावत और लतीफ के परिवार के बच्चे घर से बाहर खेल रहे थे।
इसी दौरान बच्चों में विवाद हो गया। शखावत के बेटे को पीट दिया था। बच्चे की चीख पुकार सुनकर शखावत की पत्नी नूर जहां घर से बाहर निकल आई। बताया जा रहा है कि उसने अपने बेटे और पड़ोस के बेटे को डांट फटकार कर अलग अलग कर दिया था। इसी बीच लतीफ और उसकी पत्नी फिरोज व अन्य लोग भी घर से बाहर निकल आए।
उन्होंने नूर जहां को पीटना शुरू कर दिया। उसे लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा गया। आरोपियों ने नूर जहां की हत्या करने के बाद उसकी लाश नाले में फेंक दी। बच्चों की चीख पुकार सुनकर शखावत व आस पड़ोस के लोग आ गए। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया।
मझोला इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। एक पक्ष ने हमलाकर दूसरे पक्ष की एक महिला की हत्या कर दी। हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।