मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की ओर से सभी कॉलेजों से तीन दिन में शैक्षिक समय-सारिणी मांगी है। कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी ने पत्र जारी करते हुए कहा कि सभी कॉलेजों द्वारा विश्वविद्यालय के निर्धारित शैक्षिक कैलेंडर का पालन किया जाएगा। साथ ही कॉलेजों को अपने सभी शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों के सभी वांछित अभिलेख कॉलेज कार्यालय में अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अपरिहार्य कारण से कॉलेज में स्थानीय अथवा विशेष अवकाश घोषित किया जाता है, किसी कारण से शिक्षण कार्य बाधित होता है तो उसकी सूचना सुसंगत कारण सहित तत्काल विश्वविद्यालय को ई-मेल पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। सक्षम प्राधिकारी द्वारा किसी भी औचक निरीक्षण के समय यदि विश्वविद्यालय की पूर्व स्वीकृति के कोई भी कॉलेज बंद पाया जाता है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी, इसका पूरा उत्तरदायित्व संबंधित कॉलेज का होगा।
कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी ने प्रत्येक महाविद्यालय अपने परिसर में संचालित सभी पाठ्यक्रमों की शैक्षिक समय-सारिणी शीघ्र तैयार कर तीन दिवस के भीतर विश्वविद्यालय को ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित अविधि में समय-सारिणी उपलब्ध न कराने व शेक्षिक कैलेंडर के पालन में शिथिलता बरते जाने पर कार्यवाही की जाएगी।