अगवानपुर। मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर स्थित अगवानपु रेलवे ओवरब्रिज पर रविवार की देर रात साढ़े तीन बजे पशुओं को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। हादसे के समय ट्रक हरियाणा से असम जा रहा था। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के नरखेरा निवासी यासीन ट्रक चालक है। उसने बताया कि वह दो दिन पहले हरियाणा के पानीपत से ट्रक में कंबल भरकर दूसरे साथी चालक मुश्ताक के साथ असम जा रहा था। रविवार की रात करीब साढ़े तीन बजे अगवानपुर ओवरब्रिज पर अचानक पशु ट्रक के सामने आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। जबकि हादसे में पशु बाल बाल बच गए। इस हादसे में दोनों चालक घायल हो गए। इलाज के लिए दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती काया गया है, जहां चालक मुश्ताक की हालत गंभीर बनी हुई है। सोमवार की सुबह पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवा दिया गया है।