मुरादाबाद। बीमार लोगों का बीमा कराकर क्लेम की रकम हड़पने वाले गिरोह के सदस्यों को पुलिस रिमांड पर लेगी। आरोपी पहले से ही जेल में बंद हैं। अब बिलारी में दर्ज किए गए केस में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
संभल के सनाई गांव निवासी जोगेंद्र कुमार ने रविवार को बिलारी थाने में दर्ज केस दर्ज कराया था। उसमें उसने बताया कि उसकी पत्नी प्रवेश देवी जब बीमार थीं, तब बीमा करने वाले संभल के बबराला निवासी दीपक शर्मा के साथ अभिषेक वर्मा, सचिन शर्मा, गौरव शर्मा, सोनू शर्मा, मनोज, ओंकारेश्वर शर्मा और उनके कई साथी उसके घर आए और पत्नी प्रवेश का बीमा कराने की बात कही थी। आरोपियों ने झांसा देकर जोगेंद्र और प्रवेश से कई कागजों पर हस्ताक्षर कराने के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य अभिलेख भी ले लिए थे। छह जनवरी 2023 को प्रवेश की माैत हो गई थी। तब दोबारा सभी लोग उसके घर आए और कहा कि तुम्हारी पत्नी का बीमा हो गया था, अब तुम्हें बीमा की रकम मिल जाएगी। जोगेंद्र काे झांसा देकर आरोपियों ने उससे दोबारा आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। साथ ही घर का फोटो भी खींचा था। जोगेंद्र का कहना है कि जब वह अपना खाता खुलवाने 17 मार्च 2025 को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा गया, तब बैंककर्मियों ने उसे बताया कि तुम्हारा एक खाता पहले से ही खुला है। बैंककर्मियों ने बताया कि खाते में मैक्स लाइफ बीमा के 11 लाख रुपये 26 अगस्त 2023 को आए थे। बाद में यह धनराशि मनोज कुमार और उनके साथियों के खाते में चली गई। जोगेंद्र का कहना है कि जब वह बबराला में दीपक शर्मा के घर पहुंचा तब वहां ताला लगा हुआ था। तब उसे धोखाधड़ी से पत्नी के खाते से रकम निकालने जाने का अहसास हुआ। थाना प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि आरोपी पहले से जेल में बंद हैं। आरोपियों को रिमांड पर लेकर इस मामले में पूछताछ की जाएगी। आरोपियों ने संभल में भी इस तरह की धोखाधड़ी की थी। संभल पुलिस आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।