फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद के सिटी मजिस्ट्रेट, जेडीई समेत चार बंद घरों के चोरों ने चटकाए ताले

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। चोरों ने नया मुरादाबाद क्षेत्र स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा कालोनी स्थित गाजियाबाद के सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह और संयुक्त शिक्षा निदेशक मुरादाबाद ज्योति प्रसाद समेत चार लोगों के बंद मकानों का ताला तोड़ कर हजारों रुपये तथा उसी के निकट स्थित महाकालेश्वरधाम मंदिर के तीन दानपात्रों का ताला तोड़ कर नकदी व तांबे, पीतल के बर्तन आदि समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। पुलिस ने कालोनी में हुई चोरी के मामले में कालोनी के सुरक्षा गार्ड की ओर से तथा मंदिर हुई चोरी के मामले में पुजारी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों ही स्थानों पर चोरों की तस्वीर वहां लगे सीसी टीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोरी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन

नया मुरादाबाद सेक्टर चार स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा कालोनी में गुरुवार रात कालोनी के दोनों गेटों पर बैठे सुरक्षा गार्डों की निगरानी को धता बताते हुए चोर कालोनी के भीतर दाखिल हो गए। यहां चोरों ने नगर निगम मुरादाबाद में सहायक नगर आयुक्त रहे गंभीर सिंह (अब गाजियाबाद में सिटी मजिस्ट्रेट) के बंद घर का ताला तोड़ कर उसमें दाखिल हुए तथा उसमें रखी आलमीरा आदि के भी ताले तोड़े। घटना की जानकारी होने पर उनकी पत्नी अंजली गंभीर शुक्रवार सुबह गाजियाबाद से यहां पहुंची। उन्होंने बताया कि चोरों ने कीमती सामान खोजने के लिए पूरे घर के सामान को उलट पलट किया, लेकिन कोई सामान चोरी नहीं गया है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक ज्योति प्रसाद भी इस कालोनी में रहते हैं। घटना की रात वह भी अपने घर नहीं थे। चोरों ने इनके घर के भी ताले तोड़ कर घर में रखा सामान उलट पलट किया। इन्होंने पुलिस को दी तहरीर में घर में रखे मात्र 15 हजार रुपये चोरी होने की तहरीर दी है। चोरों ने इसके अलावा एक्सपोर्ट फर्म का ऑफिस चलाने वाले कपिल गोयल, एक्सपोर्टर विजय कुमार टंडन के कालोनी स्थित बंद मकान का ताला तोड़ कर उसमें भी रखे सामान को काफी उलट-पलट किया, लेकिन नगदी आदि न रखे होने के कारण चोर उनके घरों से कुछ नहीं ले जा सके। जाते-जाते चोरों ने कपिल गोयल के सामने स्थित सेवानिवृत शिक्षक आरके पोरवाल के मकान के दरवाजे की सिटकनी बाहर से बंद कर गए। ताकि आहट होने पर वह घर से बाहर न आ सके। चोरों के जाने के बाद सुबह आरके पोरवाल ने दरवाजा खोलना चाहा तो वह बाहर से बंद मिला। इस पर उन्होंने इसकी सूचना कालोनी गेट मौैजूद गार्ड को व कालोनी के कुछ अन्य लोगों को दी। जब लोग उनका दरवाजा खोलने पहुंचे तब कालोनी के लोगों को चोरी की घटना की जानकारी हो सकी।
विज्ञापन

इधर कालोनी से कुछ दूरी पर इसी क्षेत्र में स्थित महाकालेश्वरधाम मंदिर में भी चोरों ने घुस कर वहां रखे तीन दान पात्रों का ताला तोड़ कर उसमें रखी नगदी, शंकर जी की प्रतिमा के साथ मौजूूद तांबे के शेष नाग, पीतल के कलश आदि चोरी कर ले गए। मंदिर परिसर में रहने वाले पुजारी रवीश पाठक को इसकी जानकारी सुबह हो सकी। मंदिर के पुजारी ने बताया कि तीनों दान पात्रों से चोर करीब ढाई लाख रुपये समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान चुरा ले गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की तहरीर दे दी गई है।
थानाध्यक्ष मझोला जीत सिंह ने बताया कि कालोनी में चोरी की हुई घटना की रिपोर्ट सिक्योरिटी इंचार्ज मोहित शर्मा की ओर से तथा मंदिर में हुई चोरी की रिपोर्ट मंदिर के पुजारी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दर्ज कर ली गई है।
सीसी टीवी कैमरे में कैद हुई चोरों की तस्वीर
मुरादाबाद। दोनों ही स्थानों पर हुई चोरी की घटना में चोरों की तस्वीर सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिससे आधार पर पुलिस का मानना है कि दोनों ही घटनाओं को एक ही गिरोह के लोगों ने अंजाम दिया है। सीसी टीवी फुटेज में तीन युवक चोरी की घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। थाना इंचार्ज जीत सिंह ने बताया कि सीसी टीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
चांदी की मूर्ति छोड़ गए चोर
मुरादाबाद। चोरों ने एक्सपोर्टर विजय कुमार टंडन के घर का ताला तोड़ उनका घर खंगाला। इस दौरान वहां कोई नगदी न मिलने पर चोर सारा सामान उलट पलट कर गए। विजय टंडन ने बताया कि घर में गणेश जी की चांदी की मूर्ति भी रखी थी, लेकिन चोरों का ध्यान उस ओर नहीं जा सका या फिर वह उसे किसी अन्य धातु की समझ बैठे। जिसके चलते वह मूर्ति नहीं ले जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें