मुरादाबाद। शहर में फेज-1 के तहत बिछाई गई सीवर लाइन से क्षतिग्रस्त सड़कों की समय से मरम्मत न होने के कारण शहर के मुख्य व संपर्क मार्गों तक की हालत खराब हो गई है। अमर उजाला ने शहर की सड़कों की पड़ताल की तो 6150 मीटर सड़क में 1188 गड्ढे स्मार्ट सिटी की हकीकत को बयां करते मिले।
हालात यह है कि हर पांच मीटर सड़क में गड्ढे हैं। इनमें से कुछ स्थानों पर हुए गड्ढों को लोक निर्माण विभाग व नगर निगम की टीम ने कहीं गिट्टी तो कहीं मिट्टी डाल भरने का प्रयास किया है, लेकिन इसके बाद भी शहर के तमाम स्थानों पर बने गड्ढों को पाटा नहीं जा सका है। जहां गिट्टी मिट्टी डाली गई है वहां बारिश में कीचड़ बन गई है। इससे इन मार्गों से लोगों का गुजरना और भी दुष्कर साबित हो रहा है। यही नहीं महापौर के घर के सामने धंसी सड़क के गड्ढे में भी गिट्टी पाट छोड़ दी गई है। जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्टेशन रोड पर शहर का सबसे अधिक यातायात रहता है। इस मार्ग पर फव्वारा चौक के निकट, स्टेशन के सामने, कपूर कंपनी निकट, संभल चौराहा, डबल फाटक, पीतल नगरी बस स्टैंड के सामने सबसे अधिक गड्ढे हैं। शहर के अंदर एकता द्वार से जैन मंदिर मार्ग, जेल रोड, गुरहट्टी चौराहा से कोतवाली रोड, सिविल लाइंस थाना चौराहा, ताड़ीखाना आदि स्थानों पर सड़क में गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में खासी परेशानी होती है। डबल फाटक से ईदगाह रोड का हाल सबसे अधिक बुरा है। इस मार्ग के अधिकांश स्थानों को देखने से ऐसा लगता है कि सड़क में गड्ढे नहीं बल्कि गड्ढों में सड़क है।
स्टेशन रोड पर स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड के सामने समेत कुछ स्थानों पर लोक निर्माण विभाग तथा ईदगाह मार्ग, जैन मंदिर के निकट समेत कई स्थानों पर नगर निगम की ओर से गड्ढों को भरने के लिए कहीं गिट्टी तो कहीं मिट्टी डाली गई है, लेकिन बारिश आदि के कारण अधिकांश स्थानों पर हाल जस के तस हो गए हैं। इसका खामियाजा प्रतिदिन शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।