बिलारी। सपा व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल का बिलारी पहुंचने पर स्थानीय सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान और नगर के व्यापारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
सपा व्यापार सभा के दोनों पदाधिकारियों ने व्यापारियों से सपा को मजबूत बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने पहले तो व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। बाद में उन्होंने सपा व्यापार सभा की बैठक में कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों के विकास सम्मान और सुरक्षा के लिए संकल्पित है।
प्रदेश में आगामी सपा की सरकार बनने पर व्यापारी वर्ग की सुरक्षा और सम्मान के लिए व्यापारी आयोग का गठन होगा। आयोग में केवल व्यापारियों को ही रखा जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार के दौर में सैंपलिंग, नए कर लगाने और कागजी कार्रवाई के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है।
सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग को बढ़ावा देकर स्थानीय दुकानदारों का व्यापार छीना जा रहा है और बड़े व्यापारियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
बैठक में सपा विधायक के अलावा सपा के संभल जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उसमान, प्रदेश सचिव व्यापार सभा अजय चौरसिया, व्यापार सभा अध्यक्ष चिराग अग्रवाल, कसीम आजाद, मनोज अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, आशु बंसल, सपन गुप्ता, दीप गुप्ता, मोहित गुप्ता, उज्ज्वल गुप्ता, घनश्याम गुप्ता मौजूद रहे।