मुरादाबाद। पीतलनगरी के लोगों को जल्द ही शहर में दुनिया के सातों अजूबे देखने को मिलेंगे। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) की ओर से नया मुरादाबाद के सेक्टर-2 में भारत दर्शन पार्क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। पार्क में दुनिया के सातों अजूबों के साथ ही देश के प्रमुख स्थलों के माॅडल भी स्थापित होंगे। यह पार्क पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। मई के अंत तक निर्माण पूरा होने की संभावना है।
एमडीए की ओर से करीब तीन एकड़ जमीन पर भारत दर्शन पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। पार्क के निर्माण पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। कार्यदायी संस्था ने पार्क का निर्माण शुरू कर दिया है। पार्क में दुनिया के सातों अजूबे इटली के रोमन कोलोसियम, जॉर्डन के पेट्रा, मेक्सिको के चिचेन इट्जा, ब्राजील के क्राइस्ट द रिडीमर, पेरू के माचू पिच्चू, चीन की महान दीवार और ताजमहल के मॉडल देखने को मिलेंगे।
इसके अलावा एफिल टॉवर, कुतुब मीनार, राम मंदिर, कोणार्क का सूर्य मंदिर, चारमीनार, लाल किला जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर वाली इमारतों के मॉडल भी पार्क में स्थापित किए जाएंगे। दुनियाभर में मशहूर इन इमारतों को देखने के साथ ही लोग उसके साथ फोटो भी खींच सकेंगे। यह पार्क हर उम्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह पार्क न केवल पर्यटकों के लिए, बल्कि उन लोगों के लिए भी फायदेमंद होगा, जो कम समय में भारत की प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को देखना चाहते हैं।
-
फुलवाड़ी बढ़ाएगी पार्क की शोभा
पार्क में हरे पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को अंदर काफी सुखद अहसास होगा। पार्क के अंदर तीन तरह की लेन होंगी। इसमें अलग-अलग ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को लोग देख सकेंगे। लोगों के आराम करने के लिए भी स्थान होगा। लोग गार्डेन में बैठकर ठंडी हवा का भी लुत्फ ले सकेंगे। इसके अलावा पार्क में विभिन्न तरह के फूलों वाले पाैधे भी लगाए जाएंगे।
-
कैंटीन, शाैचालय जैसी सुविधाएं भी होंगी
भारत दर्शन पार्क में पर्यटकों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। यहां पार्किंग के साथ ही कैंटीन, बैठने के लिए बेंच, सामुदायिक शौचालय, पिंक टॉयलेट, पेयजल आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। फव्वारे और रंगीन स्ट्रीट लाइटें लोगों को आकर्षित करेंगी। पार्क में लोग अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचकर आनंद ले सकेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से यहां सिक्योरिटी गार्डों की भी तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। पार्क में घूमने के लिए शुल्क भी लगेगा। अभी शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है।
-
भारत दर्शन पार्क शहर के टूरिज्म को नई दिशा देगा। कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। मई माह तक पार्क पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा। -
शैलेष कुमार, उपाध्यक्ष, एमडीए