छात्रा को बुर्का पहनाती सहपाठी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
बिलारी के एक मोहल्ले में कोचिंग सेंटर से लौटते समय 12वीं कक्षा की छात्रा को बुर्का पहनाने वाली आरोपी सहपाठी दूसरी छात्रा को शुक्रवार को बिलारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शाम को मुरादाबाद की अदालत ने आरोपी छात्रा को बालिका सुधार गृह नोएडा भेज दिया।
आरोपी छात्रा और उसकी चार अन्य सहेलियों पर पीड़ित छात्रा के भाई की ओर से बिना उसकी मर्जी के बुर्का पहनाने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और नॉनवेज खिलाने का आरोप लगाया गया था। बिलारी नगर के मोहल्ला अब्दुल्ला निवासी एक युवक ने इस मामले में बीती 22 जनवरी को थाना बिलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
छात्रा के भाई ने आरोप लगाया था कि उसकी बहन कक्षा 12 की छात्रा है, जो एक मोहल्ला में एक कोचिंग सेंटर पर ट्यूशन पढ़ने जाती है। वहीं पर कई अन्य छात्राएं भी पढ़ती हैं। पांच सहपाठी छात्राएं उसकी बहन को बहला फुसलाकर बुर्का पहनने को मजबूर करती हैं और अपना धर्म अपनाने को दबाव बना रही हैं।
छात्रा के भाई ने इस मामले में पांचों आरोपी सहपाठी छात्राओं की गहरी साजिश होना बताया था। सहपाठी छात्राओं द्वारा पीड़ित छात्रा को कोचिंग सेंटर के बाहर बुर्का पहनाने का वीडियो वायरल होने पर यह मामला तूल पकड़ गया था। पुलिस कार्रवाई के डर से आरोपी छात्राएं अपनी रिश्तेदारी में चली गई थीं।
छात्राओं के परिजनों से जानकारी करने पर पता चला कि दर्ज रिपोर्ट को खत्म कराने और स्वयं की गिरफ्तारी पर रोक लगवाने के लिए आरोपी छात्राओं ने उच्च न्यायालय इलाहबाद की शरण भी ली थी। विवेचना कर रहे निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान बीती 27 मार्च को 17 वर्षीय एक आरोपी छात्रा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था।
इसी मामले में दूसरी आरोपी 17 वर्षीय छात्रा को शुक्रवार दोपहर उसके घर से महिला पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार शाम आरोपी छात्रा को मुरादाबाद कचहरी स्थित किशोर न्याय बोर्ड मुरादाबाद के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे बालिका सुधार गृह नोएडा भेज दिया गया। इस मामले में नामजद तीन अन्य आरोपी छात्राओं की भी पुलिस तलाश कर रही है।