बिलारी। नगर के मोहल्ला पैंठ बाजार से परिषदीय कंपोजिट स्कूल और सरकारी अस्पताल को जाने वाली सड़क काफी दिनों से टूटी होने की वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
बिलारी नगर से शाहबाद रोड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर राजकीय महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला पंचायत का खेल मैदान, शुमाली कब्रिस्तान, वाल्मीकि बस्ती और परिषदीय कंपोजिट विद्यालय स्थित है। इस सड़क पर दिनभर पैदल राहगीरों के अलावा साइकिल सवारों, दोपहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही रहती है। शुमाली कब्रिस्तान और वाल्मीकि बस्ती के बीच यह सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। सड़क के ऊपर छोटी बजरी पड़ी होने से दोपहिया वाहनों के असंतुलित होने की आशंका बनी रहती है।
उद्योग व्यापार मंडल बिलारी के अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन को पूर्व में ज्ञापन देकर यह सड़क शीघ्र बनवाने की मांग की जा चुकी है। नगरपालिका के अस्पताल रोड इलाके के वार्ड सभासद ओमकार वाल्मीकि ने बताया कि अस्पताल वाली सड़क बनवाने के लिए उन्होंने पालिका बोर्ड की बैठक में भी मांग उठाई है। नगरपालिका परिषद बिलारी के अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव ने बताया कि अस्पताल वाली आधी सड़क पहले बन चुकी है शेष आधी सड़क बनाने के लिए प्रदेश शासन से धनराशि मंजूर हो चुकी है। नगरपालिका परिषद द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। एक माह के भीतर शेष रही सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
फोटो परिचय-18,19